करेली में तेंदुए का शव मिला, क्लच वायर लिपटा था:नरसिंहपुर वन विभाग सर्चिंग में जुटा; एसडीओ मीडिया पर भड़के

नरसिंहपुर जिले के करेली वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्वारीकला बीट में शनिवार सुबह एक तेंदुए का शव मिला। लगभग दो वर्ष के इस तेंदुए के शव में क्लच वायर लिपटा हुआ पाया गया, जिससे उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह ग्वारीकला बीट क्षेत्र में तेंदुए का शव पड़े होने की सूचना एसडीओ द्वारा दी गई थी। इसके बाद डीएफओ कल्पना तिवारी सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के शव में क्लच वायर फंसा हुआ मिला है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए की मौत किसी जाल में फंसने या अवैध गतिविधि के कारण हुई हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने डॉग स्क्वायड और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुलाया है। टीम द्वारा शव का परीक्षण कर तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। इस दौरान, मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों ने जब कैमरे से फुटेज शूट करने चाहे तो एसडीओ सुनील वर्मा बौखलाने लगे। उन्होंने 200 मीटर दूर मौजूद मीडियाकर्मियों को वहां से जाने के लिए कहा। विभागीय स्टाफ की लापरवाही लेंगे एक्शन डीएफओ कल्पना तिवारी ने बताया कि तेंदुए के मृत होने की सूचना एसडीओ से मिली थी, जिसके बाद वे स्वयं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पुष्टि की कि शव में क्लच वायर पाया गया है और पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। यदि इस मामले में किसी भी व्यक्ति या विभागीय स्टाफ की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *