करैरा में नेशनल फोरलेन हाईवे के पास पहाड़ को अवैध रूप से काटने के मामले में कलेक्टर शिवपुरी ने भाजपा मंडल अध्यक्ष वीनस गोयल और उनके दो भाइयों भावेश गोयल व राजेश गोयल पर 54.58 करोड़ रुपए का अर्थदंड प्रस्तावित किया है। बता दें इस अवैध खनन के मुद्दे को भास्कर ने प्रमुखता प्रकाशित किया। इसके बाद अफसर में हरकत में आए। खनिज विभाग ने मामले की जांच की। तहसीलदार व खनिज विभाग के प्रतिवेदन पर कलेक्टर ने जुर्माने की कार्रवाई कर 30 दिन में राशि जमा कराने का आदेश दिया। जांच में यह सामने आयाः सर्वे नंबर 1898/2/1/1 की जमीन पर बिना अनुमति उत्खनन किया गया था। खनिज विभाग की जांच में 181944 घन मीटर मुरम का अवैध उत्खनन पाया गया। माफिया ने चंगेज पहाड़ी मिटाई… पर्यावरण खतरा 4 जनवरी को दैनिक भास्कर में ‘माफिया ने चंगेज पहाड़ी मिटाई, इससे पर्यावरण को खतरा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। हमारे खिलाफ सिंडीकेट काम कर रहाः गोयल जमीन में हमारे साथ 8 से 25 लोग शामिल हैं। सर्वे में गलती हुई है। पहाड़ नहीं काटा गया। पीछे मिट्टी का टीला था। हमारे खिलाफ एक सिंडीकेट काम कर रहा है, जिसमें प्रशासनिक लोग भी शामिल हैं। – वीनस गोयल, अध्यक्ष, भाजपा मंडल करैरा


