करौली स्थित समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (सीआरसी) के निदेशक नीरज मधुकर को मुंबई में सम्मानित किया गया। उन्हें दिव्यांगजनों के पुनर्वास और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान मिला। यह सम्मान एक समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज की चेयरपर्सन नीता अंबानी और बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम मौजूद थे। इस उपलब्धि को सीआरसी जयपुर द्वारा पिछले 2 साल में दिव्यांगजनों के पुनर्वास के लिए किए गए प्रभावी, समर्पित और नवाचारी प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान माना जा रहा है। 40 हजार से ज्यादा दिव्यांगों को सेवाएं दी
सीआरसी जयपुर, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत कार्यरत है। यह संस्थान राजस्थान में निवासरत दिव्यांगजनों को गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से उच्च स्तरीय और निःशुल्क पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराता है।
निदेशक नीरज मधुकर के कुशल नेतृत्व में, संस्थान ने पिछले डेढ़ वर्ष में 40 हजार से ज्यादा दिव्यांगजनों को तकनीकी सहायता, समावेशी शिक्षा, चिकित्सीय सहयोग और सामाजिक पुनर्वास सेवाएं प्रदान की हैं। एलिम्को के सहयोग से सहायक उपकरणों का वितरण भी किया गया है। संस्थान में फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, श्रवण एवं दृष्टि जांच, संकेत भाषा प्रशिक्षण और कृत्रिम अंग निर्माण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, शून्य से 6 वर्ष के बच्चों के लिए एक शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र भी विकसित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाओं का विस्तार करने के लिए नियमित रूप से शिविरों का आयोजन किया जाता है।


