धौलपुर डिस्कॉम की ऐतिहासिक उपलब्धि:राजस्व वसूली व सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार के लिए प्रदेशभर में अव्वल

जयपुर डिस्कॉम का धौलपुर जिला कभी विभागीय परिणामों में पिछड़ा माना जाता था, अब पूरे राजस्थान में बेहतर कार्यप्रणाली और उत्कृष्ट परिणामों के लिए एक उदाहरण बन गया है। यह सकारात्मक बदलाव जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर में अपनाए गए नवाचारों, सख्त प्रशासनिक कार्यवाहियों और जनोन्मुखी योजनाओं का परिणाम है। वर्ष 2011 में धौलपुर में वृत्त कार्यालय खुलने के बाद से 2024 तक जिले में कभी भी 100 प्रतिशत राजस्व वसूली नहीं हो सकी थी। लेकिन पहली बार वर्ष 2025 में धौलपुर जिले ने 100 प्रतिशत से अधिक राजस्व वसूली कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी विभागीय परिणाम लगातार बेहतर हो रहे हैं। एक्सईएन विवेक शर्मा ने बताया कि फील्ड की वास्तविक स्थिति को समझने के बाद “डिस्कॉम आपके द्वार” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इससे आमजन को स्थानीय स्तर पर बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान मिला। इस पहल के तहत बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण, डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई और आवश्यक सुधार कार्य कराए गए। बिजली चोरी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर कार्रवाई के बाद शिविर आयोजित किए गए, जिनमें गैर-उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन जारी किए गए। इसके परिणामस्वरूप पिछले वर्ष की तुलना में घरेलू कनेक्शन के नए आवेदन औसतन दोगुने हो गए। धौलपुर डिवीजन में अब तक 52 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में नए कनेक्शन जारी करने, बिल संशोधन, खराब मीटर व ट्रांसफॉर्मर बदलने तथा बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी कर एसी जैसे उपकरण उपयोग करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 250 से अधिक वीसीआर भरी गईं। लोक अदालत के माध्यम से 2655 पुराने विवादित बकायों का निस्तारण किया गया, जिससे वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 4 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके साथ ही बिजली छीजत 29.12 प्रतिशत से घटकर 22.83 प्रतिशत रह गई, जबकि राजस्व वसूली 99.49 प्रतिशत तक पहुंच गई है। गौरतलब है कि विवेक शर्मा ने एक वर्ष पूर्व धौलपुर में कार्यभार ग्रहण करने के बाद कई ऐसे नवाचार किए हैं, जिन्हें अब अन्य जिलों में भी लागू किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *