करौली प्रीमियर लीग (KPL) 2025 सीजन-3 का आयोजन 24 दिसंबर से करौली में होगा। इस प्रतियोगिता में जिले, प्रदेश और देश के नामी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी मुकाबले राजीव गांधी खेल संकुल मैदान में खेले जाएंगे। केपीएल संयोजक राजेश सारस्वत ने राजीव गांधी खेल संकुल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार करौली प्रीमियर लीग में कुल पांच टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट 24 दिसंबर से शुरू होगा और इसका फाइनल मुकाबला 31 दिसंबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता से पहले 22 दिसंबर को खिलाड़ियों की ड्रेस और ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा। इसी दिन विजेता और उपविजेता टीमों की ट्रॉफी को नगाड़खाने से शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए एक रैली के रूप में निकाला जाएगा। यह रैली पुरानी कलेक्ट्री सर्किल पर समाप्त होगी, जिसमें केपीएल-3 के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्रिकेट प्रेमी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख रुपए नकद और ट्रॉफी मिलेगी, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। मैन ऑफ द सीरीज को 71 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर को 21-21 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया जाएगा। केपीएल 2025 में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ-साथ राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय स्तर और रणजी ट्रॉफी के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। इससे प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा होगा।


