करौली में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में उल्लेखनीय सफलता मिली है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन मतदाता-सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत करौली विधानसभा क्षेत्र के कुल 169 बूथ-लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने निर्धारित लक्ष्य से पहले ही शत-प्रतिशत परिगणना प्रपत्र जमा कर दिए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 95 बीएलओ को सम्मानित किया गया। निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ईआरओ) एवं उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रेमराज मीना ने कलेक्ट्रेट सभागार में इन 95 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। निर्वाचन शाखा के अधिकारी राजेन्द्र दीवान ने बताया कि यह सम्मान उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया गया है। एसडीएम प्रेमराज मीना ने बताया कि अभियान की शुरुआत में धीमी प्रगति के बावजूद प्रभावी निगरानी, सुनियोजित कार्य-विभाजन और प्रोत्साहन-आधारित नीति के कारण रैंकिंग में तेजी से सुधार हुआ। इससे पहले भी 24 बीएलओ को जिला कलेक्टर और 40 बीएलओ को एसडीएम द्वारा सम्मानित किया जा चुका था। अभियान में एक बीएलओ ने जिले में सबसे पहले शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर प्रदेश के शीर्ष 500 बीएलओ में अपना स्थान बनाया। फील्ड कार्य को सुगम बनाने और बीएलओ का कार्यभार कम करने के लिए प्रत्येक बीएलओ के साथ चार-चार शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा सहयोगिनी को स्वयंसेवक के रूप में जोड़ा गया। करौली, हिंडौन व मासलपुर तहसीलों तथा नगर परिषद करौली, शेरपुर व कटकड़ उप-तहसीलों पर परिगणना प्रपत्रों को एकत्र कर ऑनलाइन करने के लिए विशेष कार्मिक तैनात किए गए। मतदाताओं की पहचान-समस्या और बीएलओ की कठिनाइयों के त्वरित निवारण के लिए कार्यालय में हेल्पडेस्क और मोबाइल ग्रुप भी सक्रिय किए गए। इन समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप कुल 2,71,114 पंजीकृत मतदाताओं में से अब तक 97.56 प्रतिशत परिगणना प्रपत्र सफलतापूर्वक डिजिटलाइज किए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले सुपरवाइजर ज्ञान सिंह और राजेश जाटव को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजेन्द्र दीवान, नंदकिशोर व्यास और निखिल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


