जोधपुर में शादी समारोह में हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ अवैध हथियार लहराने और हर्ष फायरिंग की। घटना 29 नवंबर की है, जब बालेसर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में एक युवक की शादी से एक रात पहले निकली बंदोली के दौरान यह फायरिंग हुई। वीडियो में हिस्ट्रीशीटर अपने दोस्तों के साथ डीजे फ्लोर पर हाथों में हथियार लेकर नाचते हुए दिख रहा है। पुलिस ने सोमवार को हिस्ट्रीशीटर भवानीसिंह इंदा बेलवा व अन्य के खिलाफ बालेसर थाने में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में वारंट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है भवानी सिंह, कई आपराधिक मामले दर्ज
एसपी (जोधपुर ग्रामीण) नारायण टोगस के निर्देश पर बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने वीडियो की लोकेशन और आरोपी पहचान की पुष्टि की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, भवानी सिंह इंदा बालेसर और शेरगढ़ थानों का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। सरपंच पर जानलेवा हमले में भी था शामिल
साल 2023 में कुई इंदा ग्राम पंचायत के सरपंच पर जानलेवा हमले के मामले में भी उसका नाम सामने आया था, जिसमें धारदार हथियारों से हमला कर सरपंच को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस प्रकरण के बाद वह कुछ समय तक जेल में बंद रहा और उस पर इनाम भी घोषित किया गया था। कठोर धाराएं जोड़ने के साथ होगी सख्त कार्रवाई
बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह ने बताया कि वीडियो की तकनीकी जांच, हथियार की वैधता और अन्य साथियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर भवानी सिंह के खिलाफ दर्ज मौजूदा प्रकरण में कठोर धाराएं जोड़ने के साथ ही उसके आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए आगे कार्रवाई की जाएगी, ताकि सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह की हवाई फायरिंग की प्रवृत्ति पर लगाम लगाई जा सके।


