करौली में गणतंत्र दिवस, त्योहारों पर शांति समिति बैठक:आयोजन को लेकर चर्चा, सदस्यों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

करौली में गणतंत्र दिवस और आगामी मेलों-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने की। इसमें प्रशासन, पुलिस और शांति समिति के सदस्यों ने कानून-व्यवस्था, जनसमस्याओं और सुरक्षा इंतजामों पर अपने सुझाव व सवाल रखे। बैठक के दौरान शांति समिति सदस्य धर्म मीना ने वाहनों पर ब्लैक फिल्म के इस्तेमाल और नए अस्पताल में पुलिस चौकी खोलने का मुद्दा उठाया। इस पर पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि एक-दो दिन में स्थान चिह्नित कर अस्पताल परिसर में चौकी स्थापित कर दी जाएगी। शहर में भवन सीज करने, खरेटा रोड स्थित बूचड़खाने, मोहन नगर क्षेत्र में शहर के मध्य चल रहे बूचड़खाने और नीम का बाजार में बार-बार बंद कराने के बावजूद दोबारा शुरू होने की शिकायतें भी सामने आईं। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने की बात भी कही गई। एडवोकेट गजेंद्र शर्मा ने शहर की गलियों में जाम, यातायात पुलिस की निष्क्रियता, होमगार्ड की तैनाती और मदनमोहन मंदिर गेट के बाहर गार्ड लगाने की मांग की। मासलपुर में अन्नपूर्णा रसोई खोलने, महावीरजी थाना दानालपुर क्षेत्र में जुआ-ताश खेलने की शिकायत और जल जीवन मिशन के तहत मासलपुर मिश्रपड़ा गांव में गंदे पानी की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिवक्ता उद्यो सिंह ने हिंडौन में बेसहारा सांड, बंदर और कुत्तों की बढ़ती समस्या तथा श्रीमहावीरजी के सिद्धार्थ रिसॉर्ट क्षेत्र में पुलिस बल बढ़ाने की मांग रखी। जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि गणतंत्र दिवस और मेलों-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में एडीएम हेमराज परिड़वाल, सीईओ शिवचरण मीना, एसडीएम प्रेमराज मीना, डिप्टी एसपी अनुज शुभम, कोतवाल अध्यात्म गौतम सहित शांति समिति के पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *