डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपहरण और रेप के एक गंभीर मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी बलवीर कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 2 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया कि 31 मई 2025 की रात आरोपी उसे शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया था। आरोपी पीड़िता को पहले सीकर के एक होटल ले गया। इसके बाद लोसल, महाराष्ट्र के नागपुर और जयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर किराए के कमरों में रखा। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और मारपीट भी की। जब पीड़िता ने शादी की बात कही, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया। इस संबंध में चितावा पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन सिटी विमल नेहरा (आरपीएस) और वृताधिकारी कुचामन मुकेश चौधरी (आरपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी तेजाराम (पु.नि.) के नेतृत्व में गठित टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई में शामिल टीम के विशेष योगदान की सराहना की है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


