करौली और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और विजिबिलिटी काफी कम हो गई। सुबह के समय कई स्थानों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे पहुंच गई, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के साथ-साथ ठंड में भी वृद्धि दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। ड्राइवरों को हेडलाइट जलाकर सावधानी से वाहन चलना पड़ा। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ-साथ शहर की मुख्य सड़कों पर भी यातायात प्रभावित रहा।
स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को विशेष रूप से परेशानी हुई। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। बाजारों में भी सुबह के समय चहल-पहल कम रही। हालांकि, सुबह करीब 10 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया और धूप निकल आई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंड का असर बना रह सकता है।


