करौली में जानलेवा हमले, अवैध वसूली के 5 आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर पर हमले सहित दो मामलों में की कार्रवाई

करौली पुलिस ने जानलेवा हमलों और अवैध वसूली के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। जिले में संपत्ति विवाद, अवैध वसूली और जानलेवा हमलों में फरार चल रहे कुल पांच आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। थानाधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि पहले मामले में तीन बड़ क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ड्राइवर पर जानलेवा हमला करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाखैर थाना सदर करौली निवासी रामचन्द्र गुर्जर (28) और लक्ष्मण गुर्जर (43) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 18 दिसंबर 2025 को हुई थी। हेमराज गुर्जर निवासी करसाई अपने ट्रैक्टर से रेत डालकर वापस गांव जा रहा था, तभी तीन बड़ के पास आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। जान बचाने के लिए हेमराज ट्रैक्टर से कूदकर राजरानी पैलेस के पास एक गली की ओर भागे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर लाठी-डंडों और सरियों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली करौली में मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य बड़ी कार्रवाई में, पुलिस ने गोदाम चलाने के नाम पर हफ्ता वसूली और मना करने पर जानलेवा हमला करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें थड़ का पुरा निवासी लोकेश उर्फ कल्ली (24), भंवर का पुरा हाल शिकारगंज करौली निवासी राधारमण उर्फ लाला (26) और फूले की झोंपड़ी नयापुरा, थाना सदर करौली निवासी प्रदीप गुर्जर (22) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यह मामला 24 अक्टूबर 2025 का है। टू-व्हीलर मोटर पार्ट्स गोदाम को लेकर विवाद के चलते दर्शन सिंह गुर्जर से लगातार हफ्ता वसूली की मांग की जा रही थी। जब उन्होंने मना किया, तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी और इनामी बदमाश अतर सिंह उर्फ अतरा गुर्जर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। थानाधिकारी अध्यात्म गौतम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर इन आरोपियों को पकड़ा। पुलिस का कहना है कि कस्बा करौली में आपराधिक गतिविधियों, अवैध वसूली और जानलेवा हमलों में शामिल शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *