करौली में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मंगलवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव आया। जिला मुख्यालय सहित कई स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिन तक बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार शाम को भी क्षेत्र में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई थी। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह काम पर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सर्दी से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी और लगातार छाए बादलों के कारण दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।


