करौली में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में नगर परिषद ने एक बड़ी कार्रवाई की है। गौतम बुद्ध नगर, श्याम नगर और आदित्य नगर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को नगर परिषद करौली ने गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर फैले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। यह कार्रवाई एसडीएम एवं कार्यवाहक आयुक्त प्रेमराज मीना के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में की गई। कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना पुलिस का पर्याप्त जाप्ता मौके पर तैनात रहा। बताया गया कि गौतम बुद्ध नगर और श्याम नगर के मुख्य रास्ते पर लंबे समय से अवैध निर्माण और अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा था। सड़क संकरी होने से आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी कठिनाई हो रही थी। इसको लेकर स्थानीय कॉलोनीवासियों ने कई बार नगर परिषद और प्रशासन को शिकायतें दी थीं। पहले दिया गया था नोटिस और चेतावनी
स्थानीय निवासियों द्वारा कार्यवाहक आयुक्त को लिखित ज्ञापन सौंपे जाने के बाद संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस और चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नगर परिषद ने जेसीबी की मदद से यह सख्त कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान विरोध भी हुआ
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों, विशेषकर महिलाओं ने विरोध जताया और पुलिस के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि, पुलिस ने संयम और सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया। नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और जेईएन दिनेश चांदा सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेंगे। कार्रवाई के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारु हो गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की और प्रशासन का आभार जताया।


