करौली जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया जा रहा है। वन विभाग के देखरेख में आयोजित इस सप्ताह के दौरान वन्यजीव संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्रीय निदेशक (द्वितीय), रणथंभौर टाइगर रिजर्व, पीयूष कुमार शर्मा ने बताया कि इस सप्ताह का उद्देश्य जागरूकता, स्वच्छता और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देना है। वन्यजीव रेंज करणपुर में क्षेत्रीय वन अधिकारी दशरथ सिंह के नेतृत्व में शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभयारण्य क्षेत्र में साफ-सफाई और प्लास्टिक प्रतिबंध पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वाले कारकों को नियंत्रित किया जा सके। इसी तरह, वन्यजीव रेंज कैलादेवी में क्षेत्रीय वन अधिकारी संजय कुमार मीणा के मार्गदर्शन में कैलादेवी मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें वन और वन्यजीवों के संरक्षण का महत्व समझाया गया, साथ ही विद्यार्थियों के लिए निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। शर्मा ने बताया कि जिले की अन्य रेंजों में भी विभिन्न प्रकार के जन जागरूकता कार्यक्रम, प्रतिस्पर्धा और संरक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनका लक्ष्य वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।


