झालावाड़ के विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में 69वीं राज्य स्तरीय छात्र सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता जारी है। प्रतियोगिता के चौथे दिन 17 वर्ष और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्रों के बीच कई मुकाबले खेले गए। मीडिया हेड व प्रधानाचार्य पूनम सेंगर और सदस्य सत्येंद्र नामा ने बताया कि 17 वर्ष छात्र वर्ग में जालोर और बालोतरा के बीच हुए मैच में बालोतरा ने 9-0 से जीत दर्ज की। एक अन्य मुकाबले में जोधपुर ने जयपुर प्रथम को 4-3 से हराया। इसी वर्ग में ब्यावर ने चूरू को 7-1 से और उदयपुर ने हनुमानगढ़ को 4-2 से पराजित किया। उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) जयपाल यादव के अनुसार, 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबलों में राजसमंद ने पाली को 1-0 से, फलोदी ने चित्तौड़गढ़ को 5-2 से, भीलवाड़ा ने अलवर को 6-1 से और जोधपुर ने गंगानगर को 10-7 से मात दी। राज्यभर से विभिन्न जिलों की टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीमें अगले चक्र में प्रवेश कर रही हैं, जबकि हारने वाली टीमों को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ रहा है। यह सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता 7 अक्टूबर तक चलेगी।


