करौली में मंगलवार की सुबह अचानक घने कोहरे ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह 6:30 बजे तक मौसम साफ था, लेकिन उसके बाद अचानक छाए घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कई स्थानों पर 30 मीटर से भी कम हो गई। इससे सड़कों पर वाहन चालकों और राहगीरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरा और बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है। सोमवार को भी क्षेत्र में दिनभर हल्के बादल छाए रहे और दोपहर में मध्यम धूप निकली, जिससे लोगों को तेज ठिठुरन का एहसास हुआ। शाम होते ही कड़ाके की सर्दी ने लोगों को परेशान किया। मंगलवार को धूप निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। जिले में तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण छाया वाले स्थानों में लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुबह-शाम यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


