करौली में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल मेरा युवा भारत के तहत हिंदी दिवस सप्ताह मनाया गया। इस वर्ष का केंद्रीय विषय था ‘हिंदी : एकता और सांस्कृतिक गौरव की वैश्विक आवाज़’। सप्ताह भर चले कार्यक्रम में निबंध लेखन, कविता पाठ और हिंदी भाषा के विकास पर व्याख्यान आयोजित किए गए। देवनारायण छात्रावास में हुई निबंध प्रतियोगिता में हरिओम माली, दीपक मीना और आशाराम गुर्जर ने जीत हासिल की। पी.एम. श्री राजकीय स्कूल, सपोटरा में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कविता मीना, सोनम कुमारी मीना और हर्षिता जादौन विजेता रहीं। 23 सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। विजेताओं को बैडमिंटन रैकेट, स्किपिंग रोप, माय भारत पुस्तिका और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी ने कहा कि हिंदी दिवस समारोह राष्ट्र की सांस्कृतिक विविधता और एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम में जिले के शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय समुदाय के लोग शामिल हुए। समारोह में प्रधानाचार्य केदारलाल मीना, कार्यालय सहायक नेहरू लाल बैरवा, स्वयंसेवक नंदिनी चौधरी और स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।


