कर्ज से परेशान-व्यापारी बेटे को वीडियो भेज नदी में कूदा:बोले-प्रॉपर्टी में बहुत नुकसान हो गया, रोज 1-2 हजार के लिए मशक्कत करनी पड़ती है

प्रॉपर्टी बिजनेस में नुकसान और कर्ज से परेशान होकर मध्य प्रदेश के व्यापारी बांसवाड़ा (राजस्थान) में माही नदी में कूद गए। सुसाइड अटेम्प्ट से पहले व्यापारी ने एक वीडियो बनाकर अपने 20 साल के बेटे को भेजा था। वीडियो में कहा- ‘बेटा मैं बहुत दूर चला जाऊंगा। प्रॉपर्टी में बहुत लॉस हो गया है। अपनी मम्मी का ध्यान रखना। अब एडजस्टमेंट नहीं हो पा रहा है। रोज 1-2 हजार के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। मकान बेचकर मम्मी के गहने छुड़वा लेना बेटा। अब मेरे को ढूंढना मत। मेरे कर्म खराब थे, इसलिए मजबूरी में जाना पड़ रहा है। मेरी इच्छा नहीं थी जाने की।’ यह वीडियो देखने के बाद बेटे ने तुरंत लोकल (रतलाम) पुलिस को सूचना दी। रतलाम पुलिस ने राजस्थान पुलिस को मामला बताया। घने कोहरे के बीच एक घंटे चले सर्च ऑपरेशन के दौरान व्यापारी नदी के बीच बेसुध पड़ा नजर आया। पुलिस ने व्यापारी को अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां इलाज जारी है। मामला बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना इलाके में माही नदी के गेमन पुल का मंगलवार रात 11 बजे का है। व्यापारी रतलाम (मध्य प्रदेश) से यहां सुसाइड करने आया था। रतलाम पुलिस ने लोकेशन बताई, पुलिया से 800 मीटर दूर बेसुध मिले
SHO रमेश मीणा ने बताया- मंगलवार देर रात रतलाम थाना पुलिस से सूचना मिली थी कि रतलाम के मानक चौक निवासी संतोष (45) पुत्र मोहनलाल तेली प्रॉपर्टी कारोबारी हैं। सुसाइड अटेम्प्ट की बात कहने का एक वीडियो उनके बेटे के पास आया है। कृपया सर्च करें। रतलाम पुलिस ने माही नदी के गेमन पुलिया के पास की लोकेशन बताई थी। इसके बाद तुरंत गेमन पुलिया पर पहुंचे। वहां संतोष का मोबाइल और जूते पड़े मिले। दो रेस्क्यू बोट पानी में उतारी गई। पुलिया के आसपास लाइट नहीं थी। सर्दी के कारण कोहरा भी था। ऐसे में रेस्क्यू टीम ने टॉर्च के जरिए सर्च ऑपरेशन चलाया। नदी का चप्पा-चप्पा छाना। इस दौरान पुलिया से लगभग 800 मीटर की दूरी पर संतोष बेसुध हालत में पानी में नजर आ गए। उनका मुंह पानी से बाहर था। SHO ने बताया- संतोष को तुरंत बांसवाड़ा के MGH अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 12 बजे संतोष को वार्ड में शिफ्ट कर दिया। अब पढ़िए व्यापारी ने वीडियो में क्या कहा था- रोज 2000 रुपए कमाने की कोशिश करता हूं…
संतोष ने अपने बेटे को जो वीडियो भेजा, वो करीब 7 मिनट का है। इसमें व्यापारी ने कहा- बेटा, मैं बहुत दूर जा चुका हूं। बेटा, मुझ पर बहुत कर्ज हो गया है और अब उस कर्ज की दुनिया छोड़नी पड़ेगी। मम्मी का ध्यान रखना, दीदी का ध्यान रखना। बेटा, मैं बहुत परेशान हूं। बहुत ज्यादा टूट चुका हूं। मैं रोज मेहनत करता हूं। रोज करीब 2000 रुपए कमाने की कोशिश करता हूं, लेकिन प्रॉपर्टी में बहुत नुकसान हो गया है। बेटा, बस उसकी रजिस्ट्री करवा देना। शर्मा जी के पास जाकर रजिस्ट्री का काम करवा लेना। पैसे किसी को मत देना। ज्वेलर से पैसे छुड़वा लेना…
वीडियो में व्यापारी ने कहा- मुकेश और लोकेश भैया से बात कर लेना, वो रजिस्ट्री करवा देंगे। शर्मा जी के यहां कागजात तैयार हैं। समय मिले तो रजिस्ट्री करवा लेना। ज्वेलर के पास कुछ रुपए रखे हुए हैं। मुकेश सोनी उसे जानता है, उसने पहले भी वहां पैसे रखवाए थे। उससे बोलना कि वह वहां से पैसे छुड़वा ले। इसके अलावा सोनू के पास भी मेरे गहने हैं। पालीवाल मार्केट में एसके बुलियन नाम की छोटी सी दुकान है। वहां करीब साढ़े तीन लाख रुपए के गहने रखे हैं, उन्हें भी छुड़वा लेना। अब और सहन नहीं हो रहा…
वीडियो में व्यापारी ने कहा- बेटा, मैं बहुत थक गया हूं, पूरी तरह टूट चुका हूं। सुबह-शाम यही सोचता रहता हूं कि पैसे कहां से आएंगे। अब और सहन नहीं हो पा रहा। मैं यह वीडियो बांसवाड़ा बस स्टैंड पर बनाकर जा रहा हूं। गाड़ी की चाबी एक्टिवा में ही छोड़ दी है। मम्मी को संभाल लेना, जीजी को भी संभाल लेना। मुझे माफ कर देना। किसी की कोई गलती नहीं है। मैं अपनी मर्जी से जा रहा हूं। अगर पुलिस पूछे तो कहना कि मैंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है। किसी को परेशान करने का इरादा नहीं है। मैंने कोई लोन नहीं लिया है, इसलिए किसी से कुछ कहना नहीं है। सब मुझे माफ कर देना।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *