कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान:जिला कलेक्टर ने दिए लक्ष्य पूरे करने, प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश

डीडवाना में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में शनिवार को ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान की प्रगति समीक्षा बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी ब्लॉकों में अभियान के तहत चल रहे कार्यों, उनकी वर्तमान स्थिति और पोर्टल पर अद्यतन प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। डॉ. खड़गावत ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य प्रवासी जनों, भामाशाहों और स्थानीय समुदाय के सहयोग से विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक में लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर पूरे हों और प्रगति पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के सभी घटक क्षेत्रों- सामुदायिक बुनियादी ढांचा, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य जनसुविधाओं में संतुलित और योजनाबद्ध तरीके से कार्य आगे बढ़ाए जाएं। बैठक में प्रवासी भामाशाहों और स्थानीय दानदाताओं से बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिया कि प्रवासी जनों से संपर्क, प्रस्ताव भेजने और कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के विकास में उनका योगदान स्थायी रूप से जुड़ सके। उन्होंने प्रत्येक विकास अधिकारी को अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इससे अभियान की समग्र स्थिति का सटीक आकलन हो सकेगा और आवश्यक सुधारात्मक कदम समय पर उठाए जा सकेंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, एडीएम कुचामन राकेश कुमार गुप्ता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल सहित सभी विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने ब्लॉक की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। जिला प्रशासन की यह नियमित समीक्षा अभियान को समयबद्ध और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *