भास्कर न्यूज | महासमुंद प्रदेश के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और सरकार का ध्यानाकर्षण के लिए छग प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ महासमुंद में संरक्षक प्रमोद तिवारी एवं जिला अध्यक्ष ओम नारायण शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया। मांग को पूरा करने जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के बाद मुख्य मंत्री और मुख्य सचिव के नाम से डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। संघ के जिला अध्यक्ष ओम नारायण शर्मा, सचिव अनिल कोसरिया ने बताया कि चुनाव के पूर्व घोषणा पत्र में किए गए वादों के अनुरूप सरकार गठन के 1 वर्ष के बाद भी उचित निर्णय लेकर लागू नहीं किए जाने से प्रदेश के कर्मचारियों में हताशा और आक्रोश व्याप्त है। शासन को इन्हीं मुद्दों पर ध्यान आकर्षण कराने के लिए केंद्र के समान महंगाई भत्ता, चार स्तरीय वेतनमान, 300 दिनों का अर्जित अवकाश, समेत 12 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई के कर्मचारियों को वरिष्ठता सूची एवं पदोन्नति व आरबी तिवारी संयुक्त संचालक आईटीआई संचालनालय रायपुर को अन्यत्र पद स्थापना की मांग गई। इस मौके पर संरक्षक प्रमोद तिवारी, जिलाध्यक्ष ओम नारायण शर्मा, सचिव अनिल कोसरिया, तहसील अध्यक्ष वृन्दावन पटेल, प्रदुमन पाण्डेय, शंकर अग्रवाल, आभा मिंज, योगेश्वर ध्रुव, बदरुद्दीन, अमित सक्सेना, तारणी चंद्राकर, सुनीता तिर्की मौजूद थे। जानिए, ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें सभी संवर्ग के कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने, संविदा, दैनिक, अनियमित कर्मचारियों के रिक्त पदों को नियमित किए जाने, मध्य प्रदेश की भांति सेवा सुरक्षा, श्रम सम्मान निधि का भुगतान आदेश सभी विभागों में प्रदान किए जाने, अनुकंपा नियुक्ति के स्वीकृत पदों पर 10% का नियम शिथिल करने, संघों को विभाजित मध्य प्रदेश की भांति स्थाई मान्यता दिए जाने सहित अन्य मांग शामिल है।


