कलयुग का कल्कि अवतार बताने वाला गिरफ्तार:कोरबा में अवैध संबंध में बुजुर्ग को मार डाला,फिर ​5 की हत्या की दी धमकी,दहशत में थे लोग

छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के नावापारा गांव में खुद को कलयुग का कल्कि अवतार बताने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह अवैध संबंध है। दरअसल, आरोपी रामसिंह कंवर के बेटे की हत्या करने आया था, लेकिन जगदीश कंवर नहीं मिलने पर उसने उसके पिता की हत्या कर दी। आरोपी ने फिल्म “कल्की के अवतार” देखकर हत्या की साजिश रची थी। अवैध संबंधों के चलते की गई थी हत्या दरअसल, 23 फरवरी की रात नावापारा गांव निवासी 56 वर्षीय रामसिंह कंवर घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने घर की दीवार पर रामसिंह के बेटे जगदीश कंवर के नाम धमकी भरी चिट्ठी लिखी और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रामसिंह को कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या के अगले दिन आरोपी ने फिर से दीवारों पर पांच और लोगों की धमकी दी थी, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इतना ही नहीं, रामसिंह की अंत्येष्टि के अगले दिन मुक्तिधाम में तलवार और एक और धमकी भरी चिट्ठी छोड़कर आरोपी ने सनसनी फैला दी। इस घटना के बाद गांववाले काफी डर गए। इधर, पुलिस के लिए भी यह मामला एक चुनौती बन गया था। 26 सदस्यीय टीम ने आरोपी को पकड़ा कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के बाद 26 सदस्यीय टीम बनाकर पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं पर जांच की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक रामसिंह के बेटे जगदीश कंवर के गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। इसी महिला से जांजगीर-चांपा जिले के सिवनी निवासी 26 वर्षीय विकास यादव के भी संबंध रहे थे। जब पुलिस ने विकास यादव से पूछताछ की, तो उसने अवैध संबंधों के चलते हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसे पसंद नहीं था कि जगदीश उस महिला के साथ संबंध रखे। इसी के बाद विकास ने जगदीश को जान से मारने का मन बना लिया था। आरोपी जगदीश की हत्या के मकसद से उसके घर गया था, लेकिन वह नहीं मिला, तो उसने गुस्से में उसके पिता रामसिंह पर हमला कर दिया और दीवार पर धमकी भरी चिट्ठी लिखकर फरार हो गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए रचता था साजिश आरोपी पुलिस को भ्रमित करने के लिए बार-बार दीवारों पर लिखकर धमकी देता था, ताकि शक किसी और पर जाए और पुलिस उसे पकड़ न सके। पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मीडिया की खबरों पर भी नजर बनाए हुए था और उसी के आधार पर अपनी अगली चाल चलता था। फिल्म से मिली हत्या की प्रेरणा आरोपी विकास ने “कल्कि के अवतार” फिल्म देखकर जगदीश की हत्या की पूरी प्लानिंग कर चुका था। उसने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद वह बार-बार गांव जाता था यह देखने कि लोग डरे हैं या नहीं, और माहौल कैसा है। लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि पुलिस उसकी हर हरकत पर नजर रख रही है और जल्द ही वह पुलिस के जाल में फंस जाएगा। आरोपी को पकड़ने पुलिस ने गांव में डाला था डेरा पुलिस टीम ने गांव में डेरा डाल दिया था, रातभर वहीं सोती थी और ग्रामीणों से लगातार पूछताछ कर रही थी। आखिरकार, कड़ी मेहनत के बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को आईजी साहब ने बधाई दी है और उन्हें इनाम के लिए पत्र भेजा गया है। ………………………………………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें बुजुर्ग की हत्या के बाद 5 को मारने की धमकी:कोरबा में दीवार पर लिखा- अगला नंबर मोनू का, खुद को बताया ‘कल्कि’ छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले में दीवार पर धमकी भरे संदेश से लोग दहशत में हैं। गुरुवार को एक गांव की दीवार में लिखा मिला कि, अगली वारदात पकरिया गांव (नवापारा गांव की बस्ती) में होगी और इस बार मोनू की बारी है। तीन दिन पहले बुजुर्ग की हत्या के बाद भी कुछ इसी तरह का संदेश लिखा मिला था। पढ़ें पूरी खबर….

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *