कलश यात्रा से संस्कार महोत्सव की शुरुआत

बांगरदा| ग्राम मलगांव में पांच दिनी प्रज्ञा पुराण कथा, 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ व संस्कार महोत्सव की शुरुआत गुरूवार को मंगल कलश यात्रा से हुई। ग्राम का प्रतिनिधित्व करते हुए गुलाबचंद पुनासिया ने सपत्नीक देव शक्तियों व देव मंच पर स्थापित गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा व वेद माता देव माता मां गायत्री का पूजन किया। यात्रा में सबसे आगे बैंड, घुड़सवार व वनांचल की बेटियों की टोली सिर पर कलश धारण किए चली। गायत्री परिवार के सप्त आंदोलन स्वावलंबन, स्वास्थ्य, नारी शिक्षा, साधना आंदोलन, व्यसन मुक्ति आदि की तख्तियां हाथों में लेकर बच्चों ने संदेश दिया। भारत माता, राधा कृष्ण व राम दरबार की झांकी शामिल रही। महिला मंडल की टोली ने प्रज्ञा गीतों की प्रस्तुति दी। हर घर के द्वार पर रंगोली से सजावट कर देव प्रतिमाओं की स्थापना की व दीपक जलाए गए। गायत्री परिवार की बांगरदा, कोटल्याखेड़ी, नारलाय, भोमवाड़ा, लाल्याखेड़ी, लोहारी, सनावद, मथेला, बेड़िया आदि शाखा के दो हजार से अधिक परिजन शामिल हुए। परिजनों ने बताया 2 से 4 जनवरी तक रोजाना 8 से 11 बजे तक 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ व संस्कार होंगे। दोपहर 1 से 4 बजे तक प्रज्ञा पुराण कथा होगी। 4 जनवरी की शाम 7 बजे दीप यज्ञ होगा। अंतिम दिन 5 जनवरी की सुबह 8 बजे से गुरु दीक्षा संस्कार व यज्ञ की पूर्णाहुति होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *