सलूंबर जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एडीएम डॉ. दिनेश रॉय सापेला सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फ्लैगशिप योजनाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना हर विभाग की जिम्मेदारी है। लंबित शिकायतों के निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता कलेक्टर मीना ने संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने विद्युत विभाग, पीएचईडी, कृषि एवं पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और उनका निपटारा गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं, जैसे मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने और मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की चेतावनी दी। कचरा संग्रहण 100% सुनिश्चित करने के निर्देश दिए नगरीय विकास विभाग की प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत योजना और नगर स्वच्छता प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण 100% सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि सफाई व्यवस्था में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने और गंभीर रोगियों के त्वरित रेफरल सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना और आभा आईडी पर भी त्वरित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।


