संभावित रेल हादसे टालने वाले 4 रेलकर्मी सम्मानित:महेंद्र व शुभम ने टाले हादसे, कुमार व पंवार का ट्रैक सुरक्षा-सिग्नलिंग में बेहतर काम

जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने सोमवार को चार रेलकर्मियों को सजगता और तत्परता से ड्यूटी निभाने के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। डीआरएम कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों के कार्यों की विशेष सराहना की गई।​ डीआरएम त्रिपाठी ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सतर्कता अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से सजग एवं उत्तरदायी तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शाखाधिकारी उपस्थित रहे।​ लोको पायलट ने जैसलमेर सेक्शन में बचाई बड़ी दुर्घटना लोको पायलट महेंद्र राम देवड़ा को 28 अक्टूबर को जैसलमेर सेक्शन में पटरियों पर ब्लास्ट मटेरियल (गिट्टी का ढेर) देखकर समय रहते सूचना देने और लोको को रोककर संभावित दुर्घटना टालने पर पुरस्कृत किया गया। उनकी त्वरित प्रतिक्रिया से बड़े हादसे से बचा जा सका।​ की-मेन ने रेल में फ्रैक्चर देख ट्रेन रोकी धनेरा के की-मेन शुभम कुमार सविता को रेल में फ्रैक्चर दिखाई देने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराने और भीलड़ी-जेनाल सेक्शन में आ रही डाउन ट्रेन को लाल झंडी दिखाकर सुरक्षित रूप से रोकने के लिए प्रशस्ति-पत्र दिया गया। उनकी सतर्कता से एक और बड़ी दुर्घटना टल गई।​ ट्रैक सुरक्षा और सिग्नलिंग में उत्कृष्टता डीआरएम ने यूनिट-16 के मेट पंकज कुमार को ट्रैक सुरक्षा एवं नियमित देखभाल में उत्कृष्ट योगदान देने पर प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। सालावास स्टेशन पर सिग्नलिंग प्रणाली के बेहतर रखरखाव और विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित करने पर एसएसई (सिग्नल) आदित्य पंवार को भी सम्मानित किया गया।​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *