कलेक्टर कार्यालय में 24 घंटे बैठा रहा परिवार, कार्रवाई की मांग की

भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम सिंघनपुरी के एक परिवार के सदस्यों ने गांव के आठ लोगों पर फसल बर्बाद करने, जमीन पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनकी जमीन पर जबरन सड़क बनाने का भी आरोप लगाया है। जिसकी पी​िड़​तों ने थाने में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मांग को लेकर परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय में शुक्रवार की दोपहर से शनिवार दोपहर तक बैठे रहे। जिसके बाद अधिकारियों ने जमीन के सीमांकन व कार्रवाई के आश्वासन पर परिवार वापस लौटे। आवेदिका हेमलता साहू (33) लक्ष्मण साहू और गणेश साहू (35) पिता अमर लाल, दोनों निवासी सिंघनपुरी के रहने वाले है। शुक्रवार की दोपहर परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय पहुंचे हुए थे। उन्होंने बताया कि उनके पास गांव में खेती की जमीन है। हेमलता के नाम खसरा नंबर 159/2 रकबा 0.98 एकड़ व गणेश के नाम खसरा नंबर 158/1 में रकबा आधा एकड़ जमीन है। हेमलता ने बताया कि खेत में केला और पपीते व गणेश ने धान की फसल लगाई है। जिसमें तार का घेरा लगाया था। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि 11 जुलाई को गांव के कुछ लोगों ने जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर आए व फसल रौंद दी। तार घेरा तोड़ दिया। इससे हेमलता को करीब 2 से 3 लाख रुपये और गणेश को 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आरोप है कि इन लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन मुरुम डालकर सड़क बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी व गालियां दीं। जिसके बाद सभी शुक्रवार की दोपहर को ही परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां शनिवार की दोपहर अधिकारियों की समझाइश व कार्रवाई के आश्वासन के बाद सभी को शासकीय वाहन से गांव वापस भेजा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *