भरतपुर एएनसी, प्रसव व टीकाकरण में कम उपलब्धि वाले चिकित्सा संस्थानों पर शनिवार को जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव नाराज हुए और बोले प्रभारियों को चार्जशीट थमाएं। उन्होंने ये बात शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की आयोजित बैठक में चिकित्सा व्यवस्थाओं व विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि गर्मी तो मार्च से शुरू हो गई, अब तो भीषण गर्मी है। ऐसे में अभी भी विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में कूलर व पंखों की समुचित व्यवस्था नहीं होना लापरवाही है, तुरंत सभी अस्पतालों में कूलर, पंखा, ठंडे पानी व छाया की व्यवस्था की जाए। सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर को निर्देशित किया कि वह विजिट कर मॉनीटरिंग करके चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार लाएं और मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित करें। गर्मी व हीटवेव के दौरान लू-ताप से उल्टी दस्त जैसी मौसमी बीमारियों की आशंका रहती है, जिसमें खासकर बच्चे ज्यादा बीमार होते हैं। ऐसे में ओआरएस के पाउच सहित पर्याप्त दवाओं का स्टॉक रखें और जरूरत मंद को देकर उपचार करें। उन्होंने प्रसव पूर्व एंटी नेटल केयर के मामले में पिछड़ने, सीएचसी व पीएचसी पर बिल्डिंग का इश्यू नहीं होने के बावजूद शून्य प्रसव, फुली इम्यूनाइजेशन के तहत बच्चों में टीकाकरण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नोटिस व चार्जशीट देने की कार्रवाई की जाए। जननी सुरक्षा योजना व लाडो योजना के मामले में ज्यादा गैप है, जिसे कम किया जाए। स्कूलों के बाहर पानी पूरी बेचने वालों व अन्य खाद्य पदार्थों की जांच खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भेजकर कराई जाए। अस्पतालों में टूटी जालियां ठीक कराई जाएं तथा मच्छरों के लिए लार्वा एक्टीविटीज पर ध्यान दिया जाए। इस मौके पर एडीएम सिटी राहुल सैनी ने कहा कि जिलेभर में अस्पतालों का एसडीएम व तहसीलदारों ने निरीक्षण किया।


