कलेक्टर ने आईटीआई सलूंबर का औचक निरीक्षण किया:व्यवस्थाएं परखीं, स्टूडेंट्स को तनावमुक्त परीक्षा तैयारी का मंत्र दिया

सलूंबर जिला कलक्टर अवधेश मीना ने बुधवार को आईटीआई सलूंबर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की समस्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। कलेक्टर ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में संधारित दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने शौचालय, साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कक्षाओं में जाकर कक्षाओं की नियमितता, अध्यापन व्यवस्था और स्टूडेंट्स की सहभागिता का गहन अवलोकन किया। कलेक्टर ने प्रयोगशालाओं (लैब) का भी निरीक्षण किया और स्टूडेंट्स से विषय की तैयारी को लेकर सीधा संवाद किया। उत्तर लेखन और समय प्रबंधन पर दिया मार्गदर्शन जिला कलक्टर मीना ने स्टूडेंट्स से प्रश्न पत्रों को लेकर चर्चा करते हुए उत्तर लेखन की पद्धति, तथ्यों की स्पष्टता और समय प्रबंधन पर विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर लिखते समय विषय की स्पष्ट समझ और संतुलित समय उपयोग अत्यंत आवश्यक है। स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि परीक्षाएं जीवन का महत्वपूर्ण चरण होती हैं, लेकिन इन्हें तनाव का कारण नहीं बनाना चाहिए। नियमित अध्ययन, विषय की गहरी समझ और निरंतर अभ्यास से सफलता सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने स्टूडेंट्स को मॉडल प्रश्न पत्रों एवं मॉडल उत्तरों के माध्यम से अभ्यास करने और परीक्षा में समय का सही उपयोग करने की सलाह दी, ताकि कोई भी प्रश्न अनुत्तरित न रहे। मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर कलेक्टर मीना ने स्टूडेंट्स के मानसिक स्वास्थ्य को भी उतना ही महत्वपूर्ण बताया।उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक तनाव से दूर रहना जरूरी है। इसके लिए प्रतिदिन 10 से 15 मिनट परिवार से संवाद, संगीत सुनने या किसी रचनात्मक गतिविधि में समय देने की सलाह दी। साथ ही नियमित मेडिटेशन करने पर बल देते हुए कहा कि इससे एकाग्रता बढ़ती है, आत्मविश्वास मजबूत होता है और तनाव में कमी आती है। टीचर्स से सतत मार्गदर्शन की अपेक्षा निरीक्षण के अंत में जिला कलेक्टर ने स्टूडेंट्स को सकारात्मक सोच,अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने टीचर्स से भी अपेक्षा की कि वे स्टूडेंट्स का निरंतर मार्गदर्शन कर उनकी शैक्षणिक क्षमताओं को और बेहतर बनाएं। जनजातीय क्षेत्रीय विकास कार्यालय का भी किया निरीक्षण निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने जनजातीय क्षेत्रीय विकास कार्यालय का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर एसीईओ दिनेश चंद्र पाटीदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *