सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक और उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने प्राथमिक कक्षा के बच्चों को ब्लैकबोर्ड पर लिखे वाक्य पढ़ने को कहा। उन्होंने पाया कि कुछ बच्चे आसानी से पढ़ पा रहे थे, जबकि कुछ अन्य पढ़ने में असमर्थ थे। इस असमानता को देखते हुए, कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे ऐसी शिक्षण विधियां अपनाएं। जिससे कक्षा के सभी बच्चे समान रूप से समझ सकें और सीखने के अंतर को कम किया जा सके। बारहवीं कक्षा में डॉ. कन्नौजे ने विद्यार्थियों से उनकी तिमाही परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर साझा करने को कहा। उन्होंने एक छात्रा को ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न का उत्तर सूत्र सहित लिखने के लिए प्रोत्साहित किया। खान-पान पर ध्यान रखने की सलाह कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और वाणिज्य जैसे विषयों में बोर्ड परीक्षा के पिछले कई वर्षों के प्रश्नों का लगातार अभ्यास करने से आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने छात्रों को परीक्षा के दिनों में अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी ताकि स्वास्थ्य खराब न हो। साथ ही, पढ़ाई के दौरान बीच-बीच में टहलने जैसी गतिविधियाँ करने को कहा, जिससे दिमाग पर बोझ न पड़े। डॉ. कन्नौजे ने बच्चों से हमेशा दिमाग को शांत रखने और कड़ी मेहनत कर अच्छे परिणाम लाने का आह्वान किया। प्राचार्य एलपी पटेल ने कहा कि भले ही परीक्षा में परिणाम का प्रतिशत निर्धारित न हो, लेकिन उन्हें अपना आत्मविश्वास कमजोर नहीं करना चाहिए।


