कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

भास्कर न्यूज | कांकेर धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन के संबंध में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया भारत सरकार द्वारा 2 अक्टूबर 2024 को धरती आबा जनजातीय अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें 17 केंद्रीय मंत्रालय के माध्यम से 25 महत्वपूर्ण गतिविधियों को शामिल किया गया है। बैठक में आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का लक्ष्य बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और आजीविका में महत्वपूर्ण अंतराल को दृष्टिगत रखते हुए जनजातीय क्षेत्रों और जनजातीय समुदायों के व्यापक विकास करना है। समन्वित दृष्टिकोण और भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से योजना का उद्देश्य समग्र, टिकाऊ और समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए आदिवासी समुदायों को सेचुरेशन मोड में सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान योजना में ऐसे ग्राम का चिन्हांकन किया गया है, जहां 500 या इससे अधिक अनुसूचित जनजाति वर्ग की जनसंख्या निवासरत हों। जिले अंतर्गत सात विकासखंडों के 552 जनजातीय ग्रामों को चिन्हांकित किया गया है। योजना के क्रियान्वयन के लिए धरती आबा अभियान के तहत जन जागरूकता व लाभार्थी संतृप्ति शिविर का आयोजन 15 से 30 जून तक किया जाएगा। योजना के तहत तात्कालिक गतिविधि लघुकालीन के तहत आधार कार्ड, जनधन बैंक खाता, आयुष्मान भारत कार्ड, सिकलसेल बीमारी की जांच, जाति प्रमाण पत्र, व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरण, राशन कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार दीर्घकालीन गतिविधि अंतर्गत पक्के घर (प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण) संपर्क सड़कें (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना), जल आपूर्ति जल जीवन मिशन, सामुदायिक नल जल, घरों का विद्युतीकरण, नई सौर ऊर्जा योजना और ऑफ ग्रिड सोलर, मोबाइल चिकित्सा इकाईयां, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, एलपीजी कनेक्शन, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना-पोषण अभियान, छात्रावास निर्माण. समग्र शिक्षा अभियान, पोषण वाटिकाएं, राष्ट्रीय आयुष मिशन, यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड, भारत नेट, स्किल इंडिया मिशन (मौजूदा योजनाएं), वनधन विकास केंद्र, जनजातीय समूहों का प्रशिक्षण, डिजिटल पहल, सतत कृषि को बढ़ावा, कृषि और किसान कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाएं कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को धरती आबा कार्यक्रम के जिले में सफल क्रियान्वयन के लिए निर्देशित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *