भास्कर न्यूज | बालोद गुरूर विकासखंड स्थित धान खरीदी केंद्र फागुनदाह का कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तक शेष रह गए सभी किसानों की शत-प्रतिशत धान खरीदी करने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मिश्रा ने धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोकथाम के लिए किसानों के पास उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन किए जाने के उपरांत ही टोकन जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने रकबा समर्पण की प्रक्रिया को विशेष प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने एवं केवल साफ-सुथरे व गुणवत्तायुक्त धान की ही खरीदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण बाद कलेक्टर ने जनपद पंचायत गुरूर के सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी कार्य की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अमले, निरीक्षकों एवं पटवारियों को टोकन जारी करने, रकबा सत्यापन व खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम आरके सोनकर, तहसीलदार हनुमंत श्याम सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।


