कलेक्टर ने नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती बरतने व कार्रवाई के दिए निर्देश

भास्कर न्यूज | बालोद जिले में नशे के प्रभावी पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने संबंधित विभागों को प्रभावी और समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य, पुलिस, खाद्य एवं औषधि नियंत्रण, समाज कल्याण सहित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ रोकथाम के साथ-साथ जागरूकता और उपचार की व्यवस्था भी मजबूत होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नशामुक्ति से जुड़ी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहीं जिला अस्पताल में इसके लिए विशेष कक्ष संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर मनः प्रभावी पदार्थों की बिक्री व परिवहन पर रोक के लिए नियमित जांच की जा रही है। समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति केंद्र का संचालन किया जा रहा है तथा जिला स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई जा रही है। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, नूतन कंवर, एसडीओपी देवांश राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *