कलेक्टर ने बीएलओ, सुपरवाइजर और कॉलेज प्रभारियों का किया सम्मान:कहा- सभी ने जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से निभाया

झालावाड़ में रविवार को मिनी सचिवालय सभागार में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ थे।
राठौड़ ने इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार जागरूक और सक्रिय मतदाता होते हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और शुद्ध व त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता को बढ़ाता है। उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षण संस्थानों की भूमिका की सराहना की। राठौड़ ने बताया कि इन सभी ने घर-घर संपर्क, नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का विलोपन जैसे कार्यों को जिम्मेदारी से पूरा कर लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कलेक्टर ने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने में महाविद्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग भार्गव ने जिले में चलाए गए विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सहित मतदाता जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। सुपरवाइजर और बीएलओ को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 4-4 बीएलओ एवं 1-1 सुपरवाइजर को निर्वाचन क्षेत्र एवं एसआईआर अभियान उत्कृष्ट में उल्लेखनीय कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं ईआरओ झालरापाटन स्तर के कार्मिकों का भी इस दौरान सम्मान किया।
इसके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय एवं एकलव्य महाविद्यालय के संस्था प्रधान व ईएलसी प्रभारी का शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान निर्वाचन साक्षरता एवं विशेष गहन पुनरीक्षण – 2026 संबंधी गतिविधियों का सफल संपादन करते हुए मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने पर प्रशस्ति पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *