भांसी| दंतेवाड़ा जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भांसी आईटीआई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य से यहां चलाए जा रहे ट्रेड्स की जानकारी ली। इसके साथ ही फीटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, मैकेनिक, डीजल वर्कशॉप का जायजा भी लिया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीण सचिवालय पहुंचकर ग्रामीणों से उनकी शिकायतें व समस्याएं भी सुनी। उन्होंने गांव के विकास के लिए ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर उन्हें भेजने कहा। ग्रामीणों ने भी कलेक्टर से नल-जल योजना, पोस्ट मेट्रिक छात्रावास की अव्यवस्थाएं, शासकीय जर्जर भवनों को ध्वस्त करने और अतिक्रमण सहित अन्य शिकायतें-समस्याएं की। इन पर कलेक्टर ने जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। इसके साथ ही कलेक्टर ने युवाओं के स्वरोजगार के लिए कॉम्प्लेक्स निर्माण करने की बात भी कही। नल-जल योजना की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित विभाग के अफसरों को एक महीने के अंदर काम पूरा करने के निर्देश दिए।


