भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर तहसील से लेकर कलेक्टोरेट कार्यालय तक अब अफसर शाही पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वर्तमान में लगातार कार्यालय से अफसरों के अनुपस्थित होने की शिकायतें आम हो गई थी। अफसर अपनी सुविधा के अनुसार कार्यालय में पहुंचते थे, लेकिन अब सरकार ने आधार-सक्षम बायोमैट्रिक्स से हाजिरी लगाने की नई तकनीक की शुरुआत की है। इसका प्रशिक्षण भी अफसरों को दिया है। अपने मोबाइल से ही कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में ही अधिकारी हाजिरी लगा सकेंगे। इससे मनमर्जी पर ब्रेक लगेगी और अधिकारियों की उपस्थित कार्यालय में होगी। दरअसल, फील्ड विजिट में बहाना बनाकर लगातार कार्यालय से अफसरों के अनुपस्थित होने की शिकायतें सामने आ रही थी। इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर सभी शासकीय कार्यालयों में आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने की तैयारी के तहत कलेक्टर कार्यालय कोरिया में सभी अधिकारी और कर्मचारियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण बुधवार को दिया । प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों को नई तकनीक के उपयोग में दक्ष बनाना और उपस्थिति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना था। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कर्मचारियों को https://cggad.attend ance.gov.in/ पोर्टल पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया। साथ ही मोबाइल एप्लीकेशन AadhaarBase और Aadhaar FaceRD के इंस्टॉलेशन और संचालन की जानकारी भी दी गई। नोडल अधिकारी ने पोर्टल पर लॉग-इन कर कर्मचारियों के सेल्फ रजिस्ट्रेशन को सक्रिय किया, जिससे सभी अफसर आधार-सक्षम बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करने में सक्षम हो गए। कलेक्टर ने दर्ज की पहली उपस्थिति कार्यक्रम की शुरुआत जिले की कलेक्टर के पोर्टल पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन और नई व्यवस्था के माध्यम से उनकी उपस्थिति दर्ज कराते हुए की गई। इसके साथ ही जिले में इस प्रणाली के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा भी की गई। कलेक्टर के निर्देश पर कलेक्टोरेट के सभी कर्मचारियों को नई व्यवस्था की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सुखदेव पटेल ने दी।


