कानपुर के कल्याणपुर में पड़ोस में रहने वाले युवक ने नाबालिग को घर में अकेला देखकर अगवा कर लिया। आरोप है कि उसे अपने रिश्तेदार के घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बेरहमी से पीटा और घर के बाहर फेंक कर भाग निकले। नाबालिग ने परिजनों को आपबीती बताई तो उनकी मां ने कल्याणपुर थाने में आरोपी पड़ोसी युवक और दो रिश्तेदारों के खिलाफ रेप समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मां बाजार गई थी, पिता खाटूश्याम गए थे
कल्याणपुर इंदिरा नगर चौकी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने बताया कि उनके पति अपने दोस्तों के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन करने गए हैं। शनिवार को वह अपनी दो अन्य बेटियों के साथ बाजार गई हुई थीं। घर में उनकी 15 साल की बेटी अकेली थी। बेटी के अकेली होने का फायदा उठाकर मोहल्ले में रहने वाला अंश उर्फ अंशु अपने मामा के बेटे निखिल के साथ बाइक से आया और किशोरी को अगवा कर लिया। वे उसे करीब डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित अपने मामा के घर ले गए। मामा के घर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध करते हुए पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो अंश उर्फ अंशु ने अपने मामा शैलेंद्र और मामा के बेटे निखिल के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर के बाहर छोड़ कर भाग गए। जब किशोरी की मां घर लौटीं तो उन्होंने अपनी बेटी को रोता हुआ पाया। पूछने पर बेटी ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। तब पीड़िता की मां की शिकायत पर कल्याणपुर पुलिस ने अंश उर्फ अंशु, निखिल और शैलेंद्र के खिलाफ रेप, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही हैं।


