शाजापुर में मकर संक्रांति का त्योहार पतंगबाजी के साथ मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। 14 जनवरी को होने वाले इस पर्व से पहले ही शहर में पतंगबाजी का जुनून चरम पर पहुंच गया है। शहर में एक दर्जन से अधिक पतंगों की दुकानें खुल चुकी हैं, जहां शाम के समय पतंगबाजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मकर संक्रांति के एक दिन पूर्व सोमवार को बच्चों और युवाओं ने पतंगों की जमकर खरीदारी की। पतंगबाजी का यह उत्साह केवल बच्चों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बड़े भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मकर संक्रांति पर जहां एक ओर तिल-गुड़ खाने की परंपरा है, वहीं दूसरी ओर आसमान में रंग-बिरंगी पतंगों की बहार भी इस त्योहार की खास पहचान है। मंगलवार को होने वाली पतंगबाजी की जंग के लिए लोगों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और छतों पर अपने कौशल को निखारने में जुटे हैं।


