कल से शुरू होगा 1008-कुण्डीय हनुमान महायज्ञ:लाखों किलो हवन सामग्री की डलेगी आहुतियां, आज निकलेगी कलश यात्रा

जयपुर में 8 से 16 जनवरी तक श्री राम कथा और 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। सीकर रोड स्थित नींदड़ आवासीय योजना में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हो रहे इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। महायज्ञ की शुरुआत से पहले आज दोपहर 2 बजे सीकर रोड स्थित अलका सिनेमा से श्री राम कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ के दौरान लाखों किलो हवन सामग्री की आहुतियां दी जाएंगी और देश-विदेश से संत-महात्मा, यजमान और श्रद्धालु जयपुर पहुंचेंगे। यज्ञ स्थल पर लाखों श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बड़े-बड़े डोम तैयार किए जा रहे हैं। वहीं महायज्ञ के दौरान बाहर से आने वाले हजारों यजमानों और साधु-संतों के ठहरने के लिए अस्थाई कमरे बनाए गए हैं। विशाल यज्ञशाला में 1008 कुण्ड, 1451 पंडित कराएंगे हवन
आयोजन समिति सदस्य एडवोकेट अनिल संत ने बताया कि आयोजन स्थल पर 350×450 मीटर क्षेत्र में विशाल यज्ञशाला तैयार की गई है, जिसमें 1008 यज्ञकुंड बनाए जा रहे हैं। इस महायज्ञ में 1451 वैदिक विद्वान पंडित मंत्रोच्चारण के साथ हवन कराएंगे। इसमें एक साथ 1008 परिवार यजमान के रूप में शामिल होंगे। महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा।
महायज्ञ के दौरान लाखों श्रद्धालु यज्ञशाला की परिक्रमा भी करेंगे। 2 लाख किलो लकड़ी समेत कई सामग्री जुटाई गई
अनिल संत ने बताया कि महायज्ञ के लिए आसपास के गांवों से गाय का करीब 25 हजार लीटर घी इकट्ठा किया गया है, जिसका उपयोग यज्ञ में आहुतियों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा करीब 75 हजार किलो कंडे, सवा लाख किलो हवन सामग्री, लगभग 2 लाख किलो लकड़ी महायज्ञ के लिए जुटाई गई है। सवा लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था, 1600 कमरे तैयार
कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए 200×500 साइज के 10 बड़े डोम तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें एक साथ करीब सवा लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। बाहर से आने वाले साधु-संतों के लिए 500 कमरे और यजमानों के ठहरने के लिए 1100 कमरे तैयार किए गए हैं।
प्रतिदिन 50 हजार लोगों के लिए बनेगी भोजन प्रसादी
आयोजन समिति के सदस्य अनिल संत ने बताया-महायज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं, यजमानों और संत-महात्माओं के लिए प्रतिदिन करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। भोजन लकड़ी के चूल्हों पर सात्विक तरीके से तैयार किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। साथ ही 111 हलवाई पूरे 10 दिन तक साधु-संतों के आश्रम और आयोजन स्थल की भोजन व्यवस्था संभालेंगे। 11 हजार बच्चे करेंगे सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ
महायज्ञ के दौरान 11 हजार बच्चे एक साथ सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसके अलावा प्रतिदिन दिन में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी आयोजित होगा।
रात में अयोध्या की टीम करेगी रामलीला
आयोजन के दौरान प्रतिदिन रात में अयोध्या से आई रामलीला मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसके लिए अलग मंच और दर्शक व्यवस्था की जा रही है। जगतगुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में होगा आयोजन
नींदड़ आवासीय योजना में यह आयोजन जगतगुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य और मार्गदर्शन में होगा। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्री राम कथा का वाचन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार इस दौरान एक करोड़ 51 लाख हनुमान नाम जप के माध्यम से विश्व शांति, मानव कल्याण और राष्ट्र उत्थान की कामना की जाएगी।
14 दिसंबर को हुआ था भूमि पूजन
महायज्ञ की तैयारियों को लेकर 14 दिसंबर को नींदड़ आवासीय योजना में भूमि पूजन किया गया था। भूमि पूजन कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की मौजूदगी में 101 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत अनुष्ठानों के साथ यज्ञ भूमि की स्थापना कराई थी। इस दौरान यज्ञ स्थल पर 115 फीट ऊंचे केसरिया ध्वज का भी पूजन किया गया था। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविनाथ कुंज आश्रम हरमाड़ा जयपुर के महंत योगी भावनाथ महाराज और हाथोज धाम पीठाधीश्वर बालमुकुंदाचार्य ने कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। इसमें महायज्ञ को सफल बनाने के लिए सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता के साथ कार्यकर्ताओं को जुटे रहने के लिए निर्देशित किए गए। इस मीटिंग में आनंद गुप्ता, अजय करीड़ी, प्रह्लाद दादीया, राधेश्याम अग्रवाल, दीपक गर्ग, राहुल पाराशर, जितेंद्र शर्मा, प्रदीप कविया, कमल अग्रवाल, भवानी शर्मा (टेंट वाले), महेश स्कूलवाले, राजेंद्र कासलिवाल, अतुल अग्रवाल, बनवारी खटाेड, बजरंग शर्मा, अंकुर अग्रवाल, टींकू राठौड़, महेश अग्रवाल पार्षद, पंकज गोयल, राकेश दुसाद, गोपेश शर्मा, प्रदीप अग्रवाल, मालीराम बागड़ा समेत सैकडों कार्यकर्ता मौजूद रहें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *