कसडोल में कल त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण:293 मतदान केंद्रों में 1.79 लाख मतदाता करेंगे वोट, 903 पंचायत प्रतिनिधियों का होगा चुनाव

बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के दूसरे चरण का मतदान गुरुवार को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें कुल 1.79 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी ने बुधवार को दौलतराम शर्मा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कसडोल में मतदान सामग्री वितरण का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रेरित किया। मतदान के लिए लगभग 1200 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पंच के 763, सरपंच के 111 के लिए होगा मतदान कुल मतदाताओं में 89,767 पुरुष, 89,832 महिला और 1 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव में पंच के 763, सरपंच के 111, जनपद सदस्य के 25 और जिला पंचायत सदस्य के 4 पदों के लिए मतदान होगा। पंच पद के लिए 1,741, सरपंच के लिए 431, जनपद सदस्य के लिए 123 और जिला पंचायत सदस्य के लिए 29 उम्मीदवार मैदान में हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान प्रशासन ने 37 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया है। इन केंद्रों पर एक-एक पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनमें साबर, छेछर, सर्वा, भदरा, झबड़ी, खैरा, बलौदा, गिधोरी, खपरीडीह समेत कई अन्य केंद्र शामिल हैं। पर्यवेक्षक यहां सुचारू रूप से मतदान कार्य संपन्न कराएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *