जोधपुर में छात्रों के दो गुटों में चाकूबाजी और मारपीट हो गई। इसमें दो छात्र घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। वहीं चाकू मारने वाले दोनों छात्र घटना के बाद फरार हो गए। लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया- थाना इलाके के कांकाणी में बुधवार दोपहर एक स्कूल के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इनके बीच आपस में बात बढ़ गई और मारपीट-चाकूबाजी हुई। घटना में दो छात्र चाकू लगने से घायल हो गए। घायलों का जोधपुर एम्स में इलाज चल रहा है। दोनों घायल छात्र नाबालिग हैं। आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
चाकू मारने वाले दोनों छात्र घटना के बाद फरार हो गए। इनमें एक छात्र नाबालिग है। वहीं दूसरे के उम्र की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। छात्रों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। स्टूडेंट्स पर हमला उस समय किया गया जब वे पानी पुरी खा रहे थे। झालामंड के सरकारी स्कूल में भी हुआ था स्कूली छात्रों में विवाद
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले जोधपुर के झालामंड के सरकारी स्कूल में भी छात्रों के बीच हुए विवाद में चाकू बाजी हुई थी। इसमें छात्र घायल हो गया, जिसे बाद में जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया। आरोपियों को कुछ समय बाद पकड़ा गया था। यह खबर भी पढ़ें… जोधपुर में स्कूल छात्र पर चाकू से हमला:छुट्टी होने के बाद बाहर से आए स्टूडेंट्स से हुआ था विवाद
जोधपुर में सरकारी स्कूल के बाहर छात्रों के बीच सितंबर 2025 को विवाद हो गया था। एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इससे एक छात्र घायल हो गया। घायल छात्र को एम्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। यहां इलाज किया जा रहा है।


