चूरू में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बुधवार शाम को अवैध एलपीजी भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कलेक्ट्रेट सर्किल के पास संचालित एक इंडेन गैस गोदाम पर छापा मारा गया, जहां से 139 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं रसद विभाग के जयपुर डिवीजन द्वितीय के कमिश्नर रामचरण मीणा के निर्देशन में हुई। इस कार्रवाई को डिवीजन कमिश्नर सहित 10 सदस्यीय विशेष टीम ने चूरू जिला रसद विभाग की संयुक्त टीम के साथ मिलकर अंजाम दिया। गोदाम की तलाशी के दौरान इंडेन गैस के साथ-साथ भारत गैस और एचपी गैस के सिलेंडर भी बड़ी संख्या में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोदाम में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यह गैस गोदाम हर्षित पुत्र सुभाष चंद्र मेघवाल द्वारा संचालित किया जा रहा था। मामले की विभागीय जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए इतने बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों का भंडारण न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी गोदाम पर मार्च 2025 में भी अवैध भंडारण की कार्रवाई हुई थी, तब 72 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे। एक ही स्थान पर दोबारा अवैध गतिविधि सामने आना चिंता का विषय है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


