दोरनापाल| सुकमा जिले के कांकेरलंका क्षेत्र में निर्माण के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिंतागुफा थाना क्षेत्र के भटपाड़ पेंटापाड़ निवासी पंडोराम 48 वर्ष के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब पंडोराम सीएससी निर्माण में मजदूरी कर रहा था। हादसे के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक कांकेरलंका में कॉमन सर्विस सेंटर का निर्माण ग्राम पंचायत सरपंच-सचिव करवा रहे थे। निर्माण के दौरान अचानक पंडोराम करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।


