कांकेर कलेक्टर का भानुप्रतापपुर-दुर्गूकोंदल दौरा:तहसील कार्यालय, आंगनबाड़ी और निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण, आंगनबाड़ी में बच्चों को चॉकलेट बांटी

कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने भानुप्रतापपुर और दुर्गूकोंदल क्षेत्र के सुदूर वनांचल का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी भी उनके साथ थे। कलेक्टर ने सुबह 11 बजे भानुप्रतापपुर के कोरर में प्रस्तावित नई लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की रंगाई और सफाई का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कोरर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-04 का दौरा किया। वहां बच्चों से मिले और उन्हें चॉकलेट बांटी। भानुप्रतापपुर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-05 में भी बच्चों से मुलाकात की। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली कलेक्टर ने उप तहसील कोरर और तहसील कार्यालय भानुप्रतापपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। एसडीएम जीडी वाहिले और तहसीलदार उर्वशा को समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। भानुप्रतापपुर में सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की सराहना की। तहसील परिसर में लोक सेवा केंद्र, उप कोषालय और अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। पुराने अभिलेखों के नियमानुसार अपलेखन और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम मुल्ला के मेला मैदान में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ’’मावा मोदोल’’ और पूना पर्रियान की गतिविधियों का लिया जायजा
भानुप्रतापपुर प्रवास के दौरान कलेक्टर ने ग्राम चौगेल के पास विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल युवाओं की जरूरतों को समझते हुए आवश्यक सुविधाओं को जल्द विकसित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद, जिला प्रशासन की विशेष पहल ‘मावा मोदोल’ के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे परीक्षार्थियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कलेक्टर ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित लाइब्रेरी, ई-क्लास और प्रोजेक्टर के माध्यम से कराई जा रही ऑनलाइन कोचिंग का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत और समर्पण जरूरी है। उन्होंने लाइब्रेरी में रखी बेहतरीन और प्रासंगिक किताबों का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी। एकलव्य आवासीय विद्यालय भवन के निर्माण कार्यों का जायजा
इसके बाद, कलेक्टर ने दुर्गूकोंदल में निर्माणाधीन छात्रावास भवनों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद, वे ग्राम हानपतरी-भंडारडिगी के पास 280 सीटर संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन करने पहुंचे। इस भवन का निर्माण 38 करोड़ रुपए की लागत से एनपीसीसी एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। इसके पहले चरण का कार्य पूरा होने के करीब है, जबकि दूसरे चरण का कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने वर्तमान में दुर्गूकोंदल में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद बच्चों और शिक्षकों से चर्चा की। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा मछली उत्पादन का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पलाचुर के पास स्थित जलाशय का निरीक्षण किया, जहां तीन महिला समूह मछली उत्पादन में जुटे हुए हैं। उन्होंने महिलाओं को छोटी मछलियों के साथ बड़ी मछलियों का भी बीज डालने और उत्पादित मछलियों के उचित विपणन की रणनीति अपनाने की सलाह दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *