कांकेर जिले के पुसवाड़ा में सरपंच चुनाव के बाद हुए मतपेटी लूटने का प्रयास करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पूर्व सरपंच सहित 40 से अधिक ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पीठासीन अधिकारी अशोक गोटे की शिकायत पर की गई है। घटना 17 फरवरी की रात की है। मतदान समाप्त होने के बाद सभी प्रत्याशियों के एजेंटों की मौजूदगी में मतगणना की गई। परिणाम घोषित होने के बाद हारने वाले प्रत्याशी रूखमणी कोसम, रोहित नेताम, तोमेश यादव और उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। रात 8:30 से 10 बजे तक इन लोगों ने मतपेटी छीनने का प्रयास किया। ग्रामीणों पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप पीठासीन अधिकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने पहले गाली-गलौज की। फिर मारपीट शुरू कर दी। जब पुलिस टीम उन्हें बाहर निकालने लगी, तो पथराव भी किया गया। पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। दूसरी तरफ, ग्रामीणों का आरोप है कि मतगणना के दौरान अचानक बिजली चली गई। एक सरपंच प्रत्याशी को जल्दबाजी में विजयी घोषित कर दिया गया। दूसरे मतदान केंद्र की गिनती अभी चल रही थी। पुनर्गणना की मांग को नजरअंदाज किया गया। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज किया, जिससे कई लोग घायल हुए हैं।


