कांकेर जिला सहकारी बैंक में व्यवस्था की खस्ता हालत से ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई। गर्मी और भीड़भाड़ के कारण उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि उन्हें संजीवनी 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाना पड़ा। बैंक में न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही बैठने की उचित सुविधा। शौचालय की दुर्दशा से बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी होती है। धीमी कार्यप्रणाली के कारण किसानों को घंटों कतार में खड़े रहना पड़ता है। कई बार बैंक का समय खत्म हो जाने पर भी उनका काम अधूरा रह जाता है। इससे उन्हें अगले दिन फिर आना पड़ता है। ग्राहकों ने बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की किसानों और ग्राहकों ने जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन से बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा है कि गर्मी के मौसम में पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था और शौचालयों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।


