छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। कांकेर, चारामा और नरहरपुर विकासखंड क्षेत्र के कुल 301 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया चल रही है। इस चुनाव में तीनों ब्लॉक से 6 जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है। इसके अलावा जनपद सदस्य के लिए कांकेर से 16, चारामा से 17 और नरहरपुर से 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। सरपंच पद के लिए कांकेर और चारामा से 64-64 तथा नरहरपुर से 71 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहा है। मतदान में देरी को लेकर उठे सवाल निर्धारित समय सुबह 6:45 बजे के बजाय मतदान 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ, जिससे प्रत्याशियों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि पहले ही मतदान का समय दोपहर 2 बजे तक सीमित है, ऐसे में देरी से शुरुआत होने से मतदाताओं के वोट से वंचित रहने की आशंका है। मतदाताओं की भी दिक्कतें सेक्टर अधिकारियों द्वारा मतदान पर्ची के साथ आधार कार्ड की अनिवार्यता के नियम से मतदाताओं में भी नाराजगी देखी गई। सुबह से ही प्रत्याशी अपने समर्थकों से वोट की अपील करने में जुटे हुए हैं।


