कांगड़ा वैली कार्निवाल-2025 की छठीं सांस्कृतिक संध्या पंजाबी सिंगर बब्बू मान के नाम रही। सोमवार रात आयोजित धर्मशाला के पुलिस मैदान में बब्बू मान के मंच पर आते ही पूरा परिसर ‘मान साहब’ के नारों से गूंज उठा। कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों दर्शक देर रात तक उनके हिट और इमोशनल गीतों पर झूमते रहे। कार्यक्रम में एचपीटीडीसी के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बब्बू मान को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बाली ने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। बब्बू मान बोले- मेहनत और प्रकृति के संगम ने धर्मशाला को स्वर्ग बनाया छठी संध्या पर सिंगर सूची, रोहित वोहरा और वर्षा कटोच ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अपनी प्रस्तुतियों के दौरान बब्बू मान ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की सादगी, मेहनत और प्रकृति का संगम इसे स्वर्ग बनाता है। इसे कंक्रीट का जंगल बनने से बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि वे अगले महीने धर्मशाला में पूरा समय बिताने का मन बना चुके हैं। बब्बू मान ने खनियारा गांव के समीप एक पूर्व बॉक्सर द्वारा संचालित नेचर पार्क का विशेष रूप से उल्लेख किया, जहां पहुंचकर उन्हें गहरा सुकून मिला। उन्होंने अपने होटल के पास खेतों में काम कर रही ग्रामीण महिलाओं का उदाहरण देते हुए धर्मशाला को ‘स्वर्ग’ बताया। आज होगी सातवीं संध्या उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि कार्निवाल की आज (मंगलवार को) होने वाली सातवीं सांस्कृतिक संध्या युवाओं और सामाजिक चेतना को समर्पित रहेगी। इस दिन की थीम ‘रैप नाइट एवं चिल्ड्रेन ऑफ द स्टेट’ रखी गई है। इस संध्या के मुख्य अतिथि अर्की के विधायक संजय अवस्थी होंगे। मशहूर रैपर पैराडॉक्स और विशाल शर्मा (इनसेन कोमिक) स्टार परफॉर्मर के रूप में जलवा बिखेरेंगे। दिन में महिला मंडल प्रतियोगिता के माध्यम से सशक्तिकरण का संदेश दिया जाएगा।


