कांगड़ा में आज (सोमवार) सुबह तूफान ने खूब तबाही मचाई है। नगरोटा बगवां की खोवा पंचायत में एक विशाल पेड़ सुबह साढ़े चार बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक पर गिर गया। इसमें ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीव कुमार (42) ड्राइवर निवासी देहरा गोपीपुर और 2) टेकराम चंद (48) निवासी रिधि बड़ोह कांगड़ा के तौर पर हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सुबह साढ़े चार बजे चाय पीने के बाद ट्रक में बैठे। कुछ देर बाद मौके पर बड़ा वटवृक्ष ट्रक पर गिर गया। ट्रक में ईंटें लगी हुई थी। इस हादसे में ट्रक पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इसके बाद मौके पर दो जेसीबी पेड़ को हटाने के लिए लाई गई। इनसे पेड़ को हटाने का काम किया गया। बड़े पेड़ को हटाने में करीब 4 घंटे का वक्त लग गया। स्थानीय प्रशासन ने ट्रक के कैबिन को काटकर मृत-ड्राइवर कंडक्टर के शवों को बाहर निकाला। इससे पहले सददूं पंचायत के नंबरदार और एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष बलविंदर सिंह बबलू ने दो जेसीबी मशीनें और एक हाइडर मौके पर भेजी, जिसकी मदद से ट्रक पर गिरे पेड़ को हटाया गया। बता दें कि मौसम विभाग ने आज प्रदेश में भारी बारिश, तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी कर रखा है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। कांगड़ा में आज सुबह साढ़े चार बजे ही तूफान चलना शुरू हो गया। इससे सुबह काफी देर तक कांगड़ा में बिजली भी गुल रही। बिजली के खंबे टूटे कांगड़ा जिला में आज तेज तूफान के बाद बिजली के कई खंबे भी गिर गए। इससे कई क्षेत्रों में बिजली भी गुल है। बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता आदर्श भारद्वाज ने बताया विभाके कर्मी बिजली लाइन को बहाल करने में जुटे हुए है।


