कांगड़ा में पुलिस ने चार नशा तस्करों को पकड़ा है। नशे के खिलाफ अभियान में दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की है। मैक्लोडगंज में पुलिस ने 22 सितंबर की रात बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक को रोका। बाइक सवार अंकुश और सूजल के पास से चरस मिली। अंकुश गांव गमरू का रहने वाला है। सूजल भागसूनाग का निवासी है। दोनों धर्मशाला तहसील के रहने वाले हैं। इसी रात बैजनाथ में पुलिस ने गणखेतर के पास रेलवे फाटक पर नाका लगाया था। एक अल्टो कार से कर्म सिंह और कर्ण के पास से चिट्टा (हेरोइन) और 286.80 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों मंडी जिले की पधर तहसील के रहने वाले हैं। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से नशे के सौदागरों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। एसपी ने कहा कि पुलिस और समाज मिलकर ही नशे के खिलाफ इस लड़ाई को जीत सकते हैं।


