मंडी में मंगलवार को 1965 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध का 60वां विजय दिवस मनाया गया। शहीद स्मारक पर भूतपूर्व सैनिक लीग ने कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान युद्ध में शहीद हुए शहीदों को पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल केके मल्होत्रा और ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर मौजूद रहे। ब्रिगेडियर ठाकुर ने बताया कि 1965 का युद्ध 6 से 22 सितंबर तक चला। इस युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 1840 वर्ग मीटर क्षेत्र पर कब्जा किया। पाकिस्तान के 475 टैंक नष्ट हुए, जबकि भारत के 80 टैंक क्षतिग्रस्त हुए। मंडी जिले े 28 जवान हुए थे शहीद युद्ध में मंडी जिले के 28 वीर जवानों ने भी अपने प्राण न्योछावर किए। यूएनओ के हस्तक्षेप से 23 सितंबर को युद्धविराम हुआ। कर्नल मल्होत्रा ने कहा कि इस युद्ध में भारत ने पाकिस्तान के सभी मंसूबे विफल कर दिए। कर्नल तारा प्रताप सिंह राणा ने सुझाव दिया कि ऐसे कार्यक्रम स्कूलों और कॉलेजों में भी होने चाहिए। इससे युवा पीढ़ी को वीर जवानों की गाथा समझने और देशभक्ति की भावना जगाने में मदद मिलेगी।


