किशनगढ़ से कांग्रेसी विधायक डॉ. विकास चौधरी ने भाजपा के एक साल के कार्यकाल को विफल बताया है। उन्होंने भीलवाड़ा में एक प्रेस वार्ता में कहा कि इस कार्यकाल में डबल इंजन सरकार पूरी तरह फैल रही हैं। किसान, युवा और महिलाओं से किए वादे पूरे करने में सरकार पूरी तरह से नाकामयाब साबित हुई है। उन्होंने भाजपा की सरकार को पर्ची सरकार बताते हुए जमकर निशाना साधा। चौधरी ने कहा- 1 साल पहले भाजपा ने नारा दिया था, नहीं सहेगा राजस्थान। लेकिन इस 1 साल में राजस्थान का प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। सरकार के किए हुए वादे जुमले निकले। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिला। किसानों को खाद बिजली नहीं मिल रही है, किसान परेशान है। महिला सशक्तिकरण की बात की गई। लेकिन 1 साल में महिला अत्याचार के मामले बढ़े हैं। पीएम और सीएम ईआरसीपी कैनाल को राष्ट्रीय परियोजना नहीं बना सके। यह सरकार केवल जुमले की सरकार है। उन्होंने भीलवाड़ा की समस्याओं पर बातचीत करते हुए कहा- भीलवाड़ा की जनता पेयजल की समस्या से त्रस्त है। सीवरेज ने आमजन को परेशान किया है, शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है। जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। पुलिस और प्रशासन मूक दर्शक बने हुए हैं। भीलवाड़ा के जनप्रतिनिधि बजरी माफिया के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व अशोक गहलोत की सरकार को आमजन को राहत पहुंचाने वाली सरकार बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में जो योजनाएं बनी, उन योजनाओं के इस सरकार ने केवल नाम और रंग बदलने का काम किया हैं। इस मौके पर चौधरी ने गृहमंत्री अमित शाह के संसद में दिए गए बयान का विरोध किया। उन्होंने कहा- देश के गृहमंत्री होने के नाते उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए, लेकिन प्रधानमंत्री और गृहमंत्री माफी मांगने की बजाए कांग्रेस पर ही अपने दोष मढ़ने में लगे हैं। जनता उनकी रीती नीतियों को समझ चुकी है, जनता समझ चुकी है कि उन्होंने 400 पारा का नारा किसके लिए लगाया था। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। पत्रकार वार्ता के दौरान सरकार की विफलताओं को लेकर एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल डांगी सहित कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


